उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट कर राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रानीखेत और लैंसडाउन छावनी क्षेत्रों को नगर पालिकाओं के साथ विलय करने का अनुरोध किया, जिससे इन क्षेत्रों में पर्यटन और जनसुविधाओं के समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।
धामी ने धारचूला और जोशीमठ के सैन्य हेलीपैड को आरसीएस हवाई सेवा के अंतर्गत उपयोग की अनुमति देने की भी मांग की। इसके अलावा, राज्य के आपदा और राहत कार्यों में भारतीय वायुसेना की सेवाओं के लिए देय शुल्क माफ करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने ग्वालदम से नंदकेसरी होते हुए थराली देवाल-मुन्दोली-वाण मोटर मार्ग के रख-रखाव एवं अनुरक्षण कार्य भविष्य में भी लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जाने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि यह मार्ग नंदा देवी राजजात यात्रा का मुख्य मार्ग है, जो प्रत्येक 12 वर्षों में आयोजित होती है और अगली यात्रा वर्ष 2026 में प्रस्तावित है। यह यात्रा राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक मानी जाती है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री के सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


