देहरादून। जिले के चकराता ब्लॉक के लाखामंडल क्षेत्र में म्यूडाकी छानी गडाड में एक युवक का शव बरामद हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी गई। मृतक के भाई ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। जिसमें दो नामजद सहित कुछ अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हत्या का कारण एक लड़की से युवक का प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना स्थल पर जाकर जांच की जा रही है।
सुभाष पुत्र नत्थू दास निवासी सिलामू के अनुसार सोमवार सुबह पांच बजे उसे लाखामंडल क्षेत्र के लोगों से सूचना मिली की उसके भाई सोनू दास 32 पुत्र नत्थू दास की हत्या कर किसी ने गडाड छानी में शव रखा हुआ है। बताया कि जब वह मौके पर गया तो उसके भाई का शव गडाड में एक ग्रामीण की छानी में रखा था। जिस पर चोटों के कई निशान थे। उधर मौके पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई कर शव को विकासनगर मोर्च्यूरी में पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में जहां मृतक के भाई सुभाष ने पुलिस को तहरीर देकर म्यूडा गांव निवासी एक लड़की व उसके भाई के खिलाफ नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक यूटिलिटि चालक है।
अपने गांव से पंद्रह किमी दूर लाखामंडल यूटिलिटी से गया था। बताया जा रहा है कि लाखामंडल क्षेत्र में मृतक सोनू दास के किसी लड़की से प्रेम सबंध थे। युवती के परिजनों को युवती का रिश्ता पसंद नहीं आया है। जिसकी वजह सोनू की हत्या बतायी जा रही है। थानाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राणा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। बताया कि मृतक के भाई सुभाष की तहरीर मिली है। बताया कि चकराता से लाखामंडल जांच के लिए आये हैं। वापस लौटने के बाद मुकदमा दर्ज किया जायेगा। बताया कि युवक के माथे, सिर के पीछे व कमर पर चोटों के निशान हैं। शव को पोस्ट मार्टम के लिए विकासनगर भेज दिया है। जांच व पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आयेंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जायेगी। कहा कि प्रेम प्रसंग का मामला भी सामने आ रहा है। बताया कि मृतक अपने गांव से पंद्रह किमी दूर दूसरे गांव में क्यों आया। इससे स्पष्ट है कि वह प्रेम सबंध का कहीं न कहीं मामला प्रेम सबंधों से जुडा है।




