Corbetthalchal देहरादून/कैंची धाम- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों से कैंची धाम क्षेत्र में यातायात सुगमता के लिए प्रस्तावित बाईपास मार्ग के निर्माण को नई गति मिली है। गुरुवार को केंद्र सरकार की REC बैठक में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने वन भूमि हस्तांतरण को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
मुख्यमंत्री धामी ने वर्ष 2023 में कैंची धाम के आस-पास राष्ट्रीय राजमार्ग-109 (ई) पर अत्यधिक यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए 19 किमी लंबे कैंची बाईपास मोटर मार्ग के निर्माण की घोषणा की थी। इस मार्ग में शिप्रा नदी पर एक सेतु का भी निर्माण प्रस्तावित है।
मार्ग के पहले 8 किमी हिस्से के निर्माण, चौड़ीकरण और डामरीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को ₹1214.71 लाख की राशि पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है और कार्य प्रगति पर है। शेष 11 किमी मार्ग वन भूमि से होकर गुजरने के कारण इसके लिए ऑनलाइन प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा गया था।
मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री से भेंट कर इस परियोजना की महत्ता बताई गई थी। इसके परिणामस्वरूप REC की बैठक में वन भूमि हस्तांतरण को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब इस मार्ग का निर्माण तेजी से किया जा सकेगा, जिससे न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा, बल्कि कैंची धाम और भवाली में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।


