उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला हुआ नजर आ रहा है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी नहीं होने के कारण मौसम वैज्ञानिकों समेत आम लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं मिल रहे हैं। हालांकि, हाल ही में ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी महसूस किया जा रहा है।
राजधानी देहरादून में कोहरे और शीतलहर के चलते सूखी ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया है। सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों के कुछ हिस्सों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक विशेष रूप से 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। आगे की बात करें तो 19 और 20 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद जताई गई है, जिससे लोगों को ठंड और कोहरे से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।




