13 मार्च डेडलाइन: हल्द्वानी में विकास कार्यों को मिलेगी दोगुनी रफ्तार

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में यूयूएसडीए, सिंचाई, जल संस्थान, पेयजल निगम, विद्युत, एचपीसीएल समेत विभिन्न विभागों की बैठक लेकर शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण, सीवर लाइन, पेयजल एवं गैस पाइपलाइन, यूटिलिटी डक्ट शिफ्टिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों को 13 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि हल्द्वानी को आधुनिक और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए कार्यों में तेजी लाई जाए। इसके लिए दो शिफ्टों—दिन और रात्रि—में काम कराने तथा आवश्यकतानुसार मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सभी कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ साप्ताहिक बैठक कर समस्याओं का मौके पर समाधान करने और एनओसी से जुड़ी अड़चनों को तुरंत निस्तारित करने को कहा गया।

यह भी पढ़ें 👉  धामी कैबिनेट ने 28 प्रस्ताव मंजूर किए, बजट में 10% की बढ़ोतरी

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन आंतरिक मार्गों में सड़क, सीवर और पेयजल के कार्य चल रहे हैं, उन्हें पूरा किए बिना नए क्षेत्रों में काम शुरू न किया जाए, ताकि आमजन को परेशानी न हो। कार्यस्थलों पर सुरक्षा के लिए साइनेंज, बैरिकेडिंग, लाइटिंग और सैंडबैग अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में स्टील कारोबारी के घर और दफ्तर पर ईडी की ताबड़तोड़ छापेमारी

कुसुमखेड़ा चौराहा, लामाचौड़, हनुमान मंदिर और मंडी निकट शनिबाजार चौराहा के अतिक्रमण मुक्त होने के बाद इन स्थानों पर 13 मार्च 2026 से पूर्व सौंदर्यीकरण कार्य पूरा करने को कहा गया। मंडी गेट क्षेत्र में पुलिस चौकी शिफ्ट करने के लिए 25 लाख रुपये मंडी परिषद को दो दिन में हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए, ताकि चौड़ीकरण कार्य शीघ्र शुरू हो सके।

तीनपानी से मंडी गेट तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य होली के बाद प्रारंभ होगा, जबकि इसके बाद तीनपानी से कालटैक्स तक कार्य किया जाएगा। चौड़ीकरण के साथ विद्युत पोल और पाइपलाइन शिफ्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। तिकोनिया से काठगोदाम तक सड़क की जद में आने वाले वृक्षों की लॉपिंग तथा पीपल के पेड़ों को अन्यत्र शिफ्ट करने की योजना पर भी कार्य होगा।

यह भी पढ़ें 👉  जनगणना 2027: डिजिटल मोड में होगा डेटा संग्रह, अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक 10 दिन में कार्यों की समीक्षा की जाएगी और अधिकारी स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad_RCHMCT