उत्तराखंड में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान चली गई। यह दुर्घटना रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे पर जफरपुर के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
रुद्रपुर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक प्रियांशु जोशी ने बताया कि देर रात पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सड़क किनारे घायल हालत में पड़े बुजुर्ग को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि वह करीब दो साल पहले इस इलाके में आए थे और आसपास के लोग उन्हें “सरदार” के नाम से जानते थे। हालांकि उनकी असली पहचान अब तक सामने नहीं आ पाई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुजुर्ग को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही मृतक की पहचान होगी, उसके परिजनों को सूचना दे दी जाएगी।




