हल्द्वानी को जाम से निजात दिलाने की कवायद तेज होती जा रही है। इसके तहत प्रशासन अतिक्रमण हटाने पर फोकस कर रहा है। इस क्रम में ऊंचापुल चौराहे पर चौड़ीकरण की जद में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है।
गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और चिह्नित भवनों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। चौड़ीकरण योजना के तहत सड़क किनारे बनी कई दुकानों और भवनों को हटाया जा रहा है, जिससे भविष्य में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऊंचापुल चौराहा शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। संकरी सड़क और अतिक्रमण के कारण यहां अक्सर जाम की समस्या बनी रहती थी।
प्रशासन की ओर से पहले ही प्रभावित भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर दिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि चौड़ीकरण का काम पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यातायात अधिक सुगम होगा और लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी। साथ ही प्रशासन ने लोगों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील भी की है।




