घोषणा: उत्तरकाशी और पौड़ी हादसे के मृतक आश्रितों को दो दो लाख रूपये मिलेंगे, सीएम ने दशहरे के कार्यक्रम रद्द किए

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। कॉर्बेट हलचल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तरकाशी में हुए हिमस्खलन और पौड़ी में हुए बस हादसे को लेकर मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने मृतक आश्रितों को दो-दो लाख, गंभीर घायलों के लिए एक-एक लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपए आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने अधिकारियों को सहायता राशि प्रभावितों को तत्काल उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सीएम धामी ने बुधवार को दशहरा के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। 

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर चिल्किया चौराहे पर दर्दनाक सड़क हादसा, एक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

राहत कार्य जारी
सीएम ने कहा कि राहत पहुंचाने के लिए राज्य और केंद्र सरकार की सभी एजेंसियां मिलकर 24 घंटे काम कर रही हैं, जिससे इन घटनाओं से सीधे तौर पर प्रभावित सभी लोगों को राहत मुहैया कराई जा सके। इस दौरान उन्होंने उत्तरकाशी में निम के नियंत्रण कक्ष जाकर भी स्थिति का जायजा लिया।

पौड़ी के सिमटी में बस हादसे की जानकारी लेते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

पौड़ी में घटनास्थल पहुंचे सीएम, झेलनी पड़ी नाराजगी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सिमडी, पौड़ी बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार रात ही मोर्चा संभाल लिया था। वे रात में ही राज्य सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे। उन्होंने वहां तैनात अधिकारियों से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। बुधवार सुबह घटनास्थल सिमडी जाकर स्थिति का जायजा लिया। सीएम ने वहां लोगों से मुलाकात की और जिला प्रशासन के अधिकारियों से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सीएम धामी को लोगों का विरोध भी झेलना पड़ा। लोगों ने क्षेत्र में बदहाल सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं पर नाराजगी जताई है।
इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल, विधायक लैंसडाउन दिलीप रावत, गढ़वाल आयुक्त सुशील कुमार, डीआईजी करण सिंह नगन्याल, जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदण्डे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान उपस्थित थे।

Ad_RCHMCT