उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज रफ्तार और सड़क की खराब हालत अक्सर लोगों की जान लेने का कारण बन रही है। ताजा मामला शुक्रवार को कुमाऊं मंडल में सामने आया, जब अल्मोड़ा जिले के डोटियाल से सराईखेत जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सात लोग सवार थे। हादसे में दो लोग वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिन्हें हल्की चोटें आईं, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए देवायल सल्ट अस्पताल भेजा।
गंभीर रूप से घायल पांच लोगों में वाहन चालक साकम सिंह (35, सराईखेत), राजेंद्र सिंह (36, केलाखेड़ा, उधम सिंह नगर), सुभाष (19, नेपाल), चंद्रसेन सैनी (41, बिजनौर) और विजेंद्र सिंह (36, बिजनौर) शामिल हैं। सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में रेफर किया गया।
पिकअप के अनियंत्रित होने के पीछे सड़क की खराब स्थिति को मुख्य वजह माना जा रहा है। दुर्घटना डोटियाल से लगभग एक किलोमीटर आगे हुई, जहां सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। हादसे के बाद स्थानीय लोग सड़क की मरम्मत और सुरक्षा इंतजामों में सुधार की मांग कर रहे हैं।
यह हादसा सल्ट क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क दुर्घटनाओं की श्रृंखला का हिस्सा है। 4 नवंबर 2024 को मरचूला के कूपी गांव के पास एक यात्री बस खाई में गिर गई थी, जिसमें 36 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को सल्ट–भिकियासैंण मार्ग पर एक और बस हादसा हुआ था, जिसमें 7 यात्रियों की जान गई और कई अन्य घायल हुए।




