उत्तराखंड में लगातार धमकियां, देहरादून कोर्ट को बम से उड़ाने की चेतावनी, अलर्ट

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में एक के बाद एक कोर्ट को धमकियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे प्रशासन और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लगातार तीसरे दिन मंगलवार को देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मेल के जरिए भेजी गई। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया और पुलिस ने पूरे परिसर की तलाशी ली।

सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ज्यूडिशरी अधिकारी, कर्मचारी और वकील तुरंत बाहर निकाले गए। मौके पर बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) और डॉग स्क्वाड की टीम ने परिसर की पूरी जांच की। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद सभी को पुनः कोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति दे दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर :युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, फ्री इंग्लिश टाइपिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, आवेदन की अंतिम तिथि 25 जुलाई

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी ने निर्देशों का पालन किया। उन्होंने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के बीच सतर्कता बेहद जरूरी है।

पिछले तीन दिनों से धमकियों का सिलसिला जारी है। सबसे पहले 16 फरवरी को नैनीताल और उत्तरकाशी कोर्ट को धमकी मिली। इसके बाद 17 फरवरी को पिथौरागढ़, टिहरी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। हरिद्वार डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और कोर्ट परिसर में बीडीएस, पुलिस और इंटेलिजेंस के जवान तैनात किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: जिले में आपदा से निपटने के लिए मॉकड्रिल; 5 अलग-अलग स्थानों पर राहत एवं बचाव कार्य का हुआ अभ्यास

17 फरवरी को हरिद्वार के रोशनाबाद डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश आया, जिसमें दावा किया गया कि न्यायाधीश के चैंबर में विस्फोटक उपकरण लगाए गए हैं। ई-मेल में दोपहर तक परिसर खाली कराने की बात लिखी गई थी।

यह भी पढ़ें 👉  पदक विजेता खिलाड़ियों को तय समय में मिलेगी सरकारी नौकरी: सीएम धामी; हल्द्वानी खेल विश्वविद्यालय में अगले महीने से शुरू होगा सत्र

बुधवार सुबह कोर्ट खुलने से पहले भी बीडीएस, डॉग स्क्वाड और पुलिस ने गहन जांच अभियान चलाया। कोर्ट परिसर के कार्यालय, वकीलों के चैंबर और आसपास की दीवारों सहित खड़े वाहनों की भी चेकिंग की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार अलर्ट हैं।

Ad_RCHMCT