काशीपुर के कायाकल्प की तैयारी: स्वच्छता और स्मार्ट शिक्षा के लिए महापौर दीपक बाली ने नैनी पेपर्स और IGL से मांगा CSR सहयोग

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर को स्वच्छ और आधुनिक बनाने सहित बेहतर शिक्षा हेतु महापौर दीपक बाली ने नैनी पेपर्स और आईजीएल से मांगी मदद

काशीपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के साथ साथ छात्र-छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षण संस्थानों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु महापौर दीपक बाली ने समाज सेवा में अग्रणीय रहने वाली दो औद्योगिक इकाइयों नैनी पेपर्स एवं इंडिया ग्लाइकोल्स से सी- एस -आर फंड के तहत सहयोग मांगा है। इस संबंध में नगर निगम द्वारा दोनों औद्योगिक इकाइयों को जनहित के विकास कार्यों हेतु जो प्रस्ताव भेजे गए हैं वह कार्य करोड़ों रुपए की लागत से पूरे होंगे। महापौर दीपक बाली ने कहा कि यह दोनों ही संस्थान उनके कार्यकाल में नगर निगम के अनुरोध पर हमेशा जनहित के कार्यों में अनुकरणीय सहयोग करती रहे है और भविष्य में भी इन दोनों औद्योगिक इकाइयों ने अपनी ओर से पूर्ण सहयोग की बात कही है।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) एम.सी. पांडे को 'ग्लोबल लीडर्स फाउंडेशन' की मानद फेलोशिप

महापौर दीपक बाली ने नैनी पेपर्स लिमिटेड से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1 करोड़ 18 लाख 37 हजार 760 रुपये (जीएसटी सहित) का संशोधित सीएसआर अनुदान स्वीकृत करने का अनुरोध किया है।

नगर निगम की ओर से नैनी पेपर्स लिमिटेड के निदेशक एवं सीएसआर समिति को भेजे गए प्रस्ताव में दो मिनी रिफ्यूज कॉम्पैक्टर वाहन और 80 सेट चार रंगों वाले पैडल युक्त डस्टबिन खरीदने के लिए आर्थिक सहयोग मांगा गया है। इन 80 सेटों में कुल 320 डस्टबिन होंगे। प्रत्येक डस्टबिन की क्षमता 240 लीटर रखी गई है।

प्रस्ताव के अनुसार, डस्टबिन को गीले, सूखे, सैनिटरी और घरेलू खतरनाक कचरे के लिए अलग-अलग रंगों में रखा जाएगा। इन्हें मजबूत स्टैंड पर स्थापित किया जाएगा, ताकि कचरे का पृथक्करण स्रोत पर ही हो सके। शहर के 80 सार्वजनिक स्थलों पर इनकी स्थापना के साथ इनकी चोरी रोकने के लिए मजबूत मेटल फैब्रिकेशन और बारिश से बचाव के लिए वेदर कैनोपी लगाने की भी योजना है।

यह भी पढ़ें 👉  ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध शराब तस्करों पर चोरगलिया पुलिस की कार्रवाई: 63 पाउच कच्ची शराब के साथ एक गिरफ्तार, मोटरसाइकिल सीज

प्रस्तावित मिनी रिफ्यूज कॉम्पैक्टर वाहनों में हाइड्रोलिक साइड लिफ्टर सिस्टम होगा जिसके माध्यम से 240 लीटर के डस्टबिन को उठाकर वाहन के सीलबंद हॉपर में खाली किया जा सकेगा और उस कचरे को दबाकर उसका आयतन कम किया जाएगा जिससे कचरे के परिवहन में सुविधा होगी और खुले में कूड़ा फैलने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।नगर निगम ने वाहनों के संचालन, चालक, ईंधन और रखरखाव का खर्च स्वयं वहन करने की प्रतिबद्धता भी जताई है।वहीं, महापौर दीपक बाली ने इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड को भेजे गए प्रस्ताव में कंपनी के सीएसआर फंड से शहर में जनहित और शिक्षा से जुड़े कार्य कराने का अनुरोध किया है।

इस प्रस्ताव में तारावती सरोजनी देवी विद्यालय, काशीपुर में दो कक्षों के निर्माण की मांग की गई है। इसके अलावा तारावती सरोजनी देवी विद्यालय, अलीगंज रोड और आदर्श राजकीय प्राथमिक विद्यालय, चैती फार्म अलीगंज रोड में स्मार्ट क्लास लैब स्थापित करने का प्रस्ताव है।

यह भी पढ़ें 👉  निर्मला कॉन्वेंट के वार्षिकोत्सव ‘ऐक्य’ में बिखरे भारतीय संस्कृति के रंग, आयुक्त दीपक रावत ने दी रचनात्मक शिक्षा की सीख

शहर के सार्वजनिक महत्वपूर्ण स्थलों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए द्रोणा सागर परिसर, गन्ना अनुसंधान मोड़ और जसपुर खुर्द ,चैती चौराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की गई है।इसके साथ ही तुलाराम राजाराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, चैती मोड़ में शैक्षिक कार्यों के लिए 15 स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
महापौर ने पत्र में कहा है कि इन कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिलने के साथ साथ आधुनिक लाइटें लगने से शहर के सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों को भी लाभ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि
नगर निगम की इन दोनों पहलों का उद्देश्य काशीपुर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

Ad_RCHMCT