मिनिस्टीरियल फेडरेशन के ब्लॉक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कर्मचारी नेता आनंद सिंह रावत (51) का मंगलवार सुबह हृदयगति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। प्रातः अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महज छह दिन पूर्व ही उनकी माता जी का भी निधन हुआ था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
चतुर्थ वर्गीय वन कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री रह चुके स्वर्गीय रावत अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनके असमय निधन पर मिनिस्टीरियल फेडरेशन के जिला मंत्री सोमपाल सिंह, शिक्षक नेता नवेंदु मठपाल, दीवान सिंह बिष्ट, हरीश पपने, मोहित राठौर, ललित सती और वीरेंद्र पांडे सहित विभिन्न कर्मचारी व शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।




