यह मामला नैनीताल जनपद के मुखानी थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां कल देर रात एक नाबालिग बालिका के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर चार युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया था। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने बच्ची को डरा-धमकाकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल मुकदमा दर्ज करवाया और स्वयं पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते हुए गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन दबिश और सुरागरसी अभियान चलाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एफआईआर दर्ज होने के महज छह घंटे के भीतर शहर में चर्चित ‘ITI गैंग’ के सदस्य बताए जा रहे चारों नामजद आरोपियों—धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी—को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनपद में महिलाओं और नाबालिग बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू है और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




