नैनीताल जनपद के ओखलकांडा ब्लॉक स्थित ग्राम सभा रैकूना में बीती रात वेदप्रकाश (पुत्र संतोष राम) के आवासीय मकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरा घर और अंदर रखा अनाज, कपड़े, बर्तन व जेवरात जलकर राख हो गए। हालांकि, ग्रामीणों के प्रयासों और सतर्कता से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी मदद का भरोसा दिलाया। मंत्री ने जिला प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षति का विस्तृत आकलन करने और आपदा मानकों के अनुरूप पीड़ित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा व जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए।




