महान पक्षी वैज्ञानिक डॉ. सलीम अली की जयंती के अवसर पर वाइल्डलाइफ आर्ट गैलरी ट्रस्ट, रिंगोड़ा एवं रामनगर वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय ‘बर्ड फेस्टिवल 2026’ का गुरुवार को उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन नगरवन में आयोजित सुबह के सत्र में वरिष्ठ प्रकृतिविदों संजय चिमवाल, हरिशंकर देव, रवि बिष्ट, महेंद्र पवार और दीप मलिकानी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों का अवलोकन किया और उनकी पहचान, व्यवहार तथा बर्ड चेकलिस्ट तैयार करने की बारीकियां सीखीं।
इस दौरान कोसी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कृष्ण सिंह मेहरा ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के प्रति जागरूक किया, जबकि वाइल्डलाइफ आर्ट गैलरी में प्रशांत कुमार ने पारिस्थितिकी तंत्र में पक्षियों के महत्व व संरक्षण पर प्रकाश डाला। दिन के अंतिम सत्र में राजकीय इंटर कॉलेज ढेला में हरिशंकर देव ने विशेष प्रस्तुति देते हुए युवाओं को पक्षी संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने और बर्ड वॉचिंग को स्वरोजगार व करियर के विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।




