काशीपुर नगर निगम: पर्यावरण मित्रों को दिवाली पर वेतन-बोनस न देने पर भड़के पार्षद, MSWM कंपनी का ठेका निरस्त करने की मांग

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर नगर निगम में कार्यरत पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मचारियों) को दीपावली के पावन पर्व पर वेतन एवं बोनस का भुगतान न किए जाने को लेकर नगर निगम के पार्षदों में गहरा आक्रोश है। निगम सभागार में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में पार्षदों ने महापौर दीपक बाली के नेतृत्व का समर्थन करते हुए कार्यदायी एमएसडब्ल्यूएम (MSWM) कंपनी का ठेका निरस्त करने की मांग उठाई। पार्षदों ने स्पष्ट किया कि नगर निगम प्रशासन द्वारा कंपनी को समय पर चेक के माध्यम से भुगतान किया जा चुका था और कंपनी ने अभी तक केवल सितंबर माह का बिल प्रस्तुत किया है, इसके बावजूद कंपनी ने कर्मचारियों का भुगतान रोककर इसका झूठा दोष निगम और महापौर पर मढ़ने का प्रयास किया, जो पूरी तरह निराधार है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर नैनीताल में सजी 'हिमालयन फूड फेस्टिवल' की रौनक, पारंपरिक उत्पादों की हुई जमकर खरीदारी

पार्षदों ने वर्ष 2024 में पूर्ववर्ती अधिकारियों के कार्यकाल में कंपनी के साथ किए गए 20 वर्षीय दीर्घकालिक अनुबंध पर भी गंभीर सवाल खड़े करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता की रीढ़ माने जाने वाले पर्यावरण मित्रों के सम्मान और अधिकारों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्षदों ने ऐलान किया कि शीघ्र ही महापौर से बोर्ड की विशेष बैठक बुलाने का अनुरोध किया जाएगा, जिसमें कंपनी का ठेका निरस्त करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा, ताकि भविष्य में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी ऐसी संस्था को सौंपी जा सके जो कर्मचारियों के कल्याण और समय पर भुगतान को प्राथमिकता दे।

Ad_RCHMCT