हल्द्वानी के हीरानगर चौकी क्षेत्र में डॉ. अरुण जोशी के निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट कर कॉपर वायर और सीसीटीवी एडॉप्टर लूटने के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण किया है। घटना के संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए सुरागरसी के आधार पर त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने वारदात में संलिप्त राजपुरा (हल्द्वानी) निवासी चारों अभियुक्तों—आदेश कुमार, विकास कश्यप, शिवम कश्यप और कमल घोष उर्फ बिल्लू सांडा को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी/लूटा गया माल, जिसमें पॉलीकैब कंपनी के कॉपर वायर के दो डिब्बे और करीब 6 किलोग्राम जली हुई तांबे की तार शामिल है, बरामद कर लिया गया। माल बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




