हल्द्वानी के एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में आगामी 24 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय सरस आजीविका मेला 2026-27 की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास खंड सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूहों और सरकारी विभागों के कुल 250 स्टाल लगाए जाएंगे। सीडीओ ने 18 नवंबर तक सभी स्टालों की बुकिंग प्रक्रिया पूर्ण करने, मेला मैदान का विस्तृत लेआउट मैप तैयार करने तथा विशिष्ट अतिथियों को समयपूर्व ई-कार्ड और व्हाट्सएप के माध्यम से आमंत्रण भेजने के निर्देश दिए।
मेले के सुचारु व निर्बाध संचालन के लिए सीडीओ ने परिसर में एक संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए, जिसमें विद्युत, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग की टीमें तैनात रहेंगी। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व पार्किंग प्रबंधन के लिए पुलिस व परिवहन विभाग, चिकित्सा शिविर व एम्बुलेंस के लिए स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता व कचरा निस्तारण के लिए नगर निगम हल्द्वानी, पेयजल व विद्युत आपूर्ति के लिए जल संस्थान व ऊर्जा निगम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पर्यटन-संस्कृति विभाग तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




