जनपद नैनीताल के मुखानी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित परिजनों द्वारा कल देर रात कोतवाली मुखानी में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि चार युवकों ने उनकी नाबालिग बच्ची को डरा-धमकाकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं कार्रवाई की मॉनिटरिंग की और तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन दबिश देते हुए शहर में चर्चित ‘ITI गैंग’ के सदस्य बताए जा रहे चारों नामजद अभियुक्तों—धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी—को दबोचकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। एसएसपी ने दो टूक संदेश दिया है कि जनपद में महिलाओं और नाबालिग बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




