पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर के करियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल और Keval-U संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को “अपनी राह, अपना भविष्य (Navigating Your Career Journey)” विषय पर करियर जागरूकता एवं रोजगारपरक कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता Keval-U के संस्थापक डॉ. गौतम पंत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि करियर का चयन केवल डिग्री या नौकरी तक सीमित न रहकर व्यक्ति की रुचि, क्षमता और जीवन के उद्देश्यों के अनुरूप होना चाहिए, तथा आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ संवाद कौशल, क्रिटिकल थिंकिंग, समस्या समाधान और अनुकूलनशीलता जैसे व्यावहारिक कौशल अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. एम.सी. पांडे ने कहा कि उच्च शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य युवाओं को केवल उपाधि प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और जीवन की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है। आयोजन के द्वितीय सत्र में महाविद्यालय के प्राध्यापकों के लिए विशेष इंडक्शन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बदलते रोजगार परिदृश्य और छात्रों के मार्गदर्शन में शिक्षकों की भूमिका पर मंथन हुआ; कार्यक्रम का संचालन सेल के समन्वयक डॉ. पंकज प्रियदर्शी ने किया तथा इसमें बड़ी संख्या में प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।




