उत्तराखंड आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) भावना मेहरा ने विकासखंड ओखलकांडा के दूरस्थ क्षेत्र काला आगर और क्वैराला का भ्रमण कर स्थानीय ग्रामीणों एवं मातृशक्ति से सीधा संवाद किया। इस दौरान महिलाओं ने पेयजल संकट सहित कई स्थानीय बुनियादी समस्याएं उनके समक्ष रखीं, जिस पर राज्यमंत्री ने मौके से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में लंबे समय से अधूरी पड़ी सड़क की समस्या से भी अवगत कराया, जिस पर श्रीमती मेहरा ने विभागीय अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव से वार्ता करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का निस्तारण करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।




