वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चोरगलिया पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती का कीमती सामान से भरा खोया हुआ बैग सकुशल बरामद कर उसे सुपुर्द कर दिया है। नयागांव कटान, थाना चोरगलिया निवासी ममता शर्मा 13 नवंबर 2026 को अपने आगामी विवाह की खरीदारी करने हल्द्वानी आई थीं, लेकिन वापस लौटते समय जल्दबाजी में उनका बैग एक अज्ञात कार में ही छूट गया। काफी खोजबीन के बाद भी बैग न मिलने पर उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चोरगलिया पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम ने तत्काल तकनीकी मदद लेते हुए मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध वाहन की पहचान कर उसके टनकपुर निवासी स्वामी से संपर्क साधा। पुलिस के समन्वित प्रयासों से बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और 15 नवंबर को आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूर्ण कर ममता शर्मा को सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ कीमती सामान वापस पाकर पीड़िता ने नैनीताल पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।




