वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में अवैध नशे और शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चोरगलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी हरबंश सिंह और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन सुरागरसी करते हुए ग्राम जगतपुर के पीछे जंगल से कुंवरपुर आने वाले मार्ग पर स्थित ट्यूबवेल के पास एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया, जिसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर 150 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान धर्मवीर सिंह (22 वर्ष, पुत्र बचन सिंह) निवासी ग्राम धौराडाम, नजीमाबाद, सूर्यानगर, थाना किच्छा (जनपद ऊधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। पुलिस टीम—जिसमें हेड कांस्टेबल मलखान सिंह, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल चंदन सिंह शामिल रहे—ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 50/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




