आगामी जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में माननीय मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर मंत्री श्री कैड़ा ने स्वयं अपनी स्व-गणना कर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया, जिसके उपरांत सभी उपस्थित लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया, इसके महत्व और ऑनलाइन माध्यम से इसे पूरा करने की विधि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने सभी से अपील की कि वे न केवल स्वयं और अपने परिवार की स्व-गणना अवश्य करें, बल्कि अपने-अपने क्षेत्रों के अधिक से अधिक नागरिकों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की प्रक्रिया अत्यंत सरल व सुविधाजनक है और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है; इस बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री सौरभ असवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




