काशीपुर की समाजसेवी एवं डी-बाली ग्रुप की डायरेक्टर 52 वर्षीय उर्वशी दत्त बाली ने सिंगापुर में पहली बार रॉयल कैरेबियन क्रूज़ पर 13 से 19 नवंबर तक आयोजित प्रतिष्ठित ‘मिसेज इंटरनेशनल’ (सीज़न-13) प्रतियोगिता में ‘वुमन ऑफ सब्सटेंस’ (Woman of Substance) का खिताब जीतकर उत्तराखंड और देश का मान बढ़ाया है। तीन दिवसीय सिटी टूर और सात कठिन चरणों वाली इस स्पर्धा में अंतर्राष्ट्रीय जूरी ने उनके मजबूत व्यक्तित्व और समाज सेवा के प्रति समर्पण की विशेष सराहना की, वहीं क्रूज़ की 14वीं मंजिल पर उत्तराखंड के पारंपरिक पिछौड़े व नथ के साथ हिमाचल, नागालैंड, राजस्थान और बरेली की सांस्कृतिक वेशभूषा धारण कर उन्होंने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की जीवंत झलक पेश की।
अपनी इस अंतर्राष्ट्रीय यात्रा में उर्वशी बाली ने काशीपुर के स्थानीय कारीगरों, बुटीक संचालकों और मेकअप कलाकारों के हुनर को विश्व मंच पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ रामनगर के युवा फोटोग्राफर सुबोध राणा को भी पहली बार सिंगापुर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का अवसर दिलाया। अपनी जीत पर उन्होंने कहा कि 52 वर्ष की उम्र में इस मंच पर उतरने का उनका मुख्य उद्देश्य माता-पिता के स्नेह से वंचित, परित्यक्त और पारिवारिक व कानूनी उलझनों से जूझ रहे बेसहारा बच्चों की आवाज़ को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, जिसके तहत वे जल्द ही उत्तराखंड में भी स्थानीय महिलाओं की कला को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा मंच आयोजित करेंगी।




