कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी विकासखंड अंतर्गत भटेलिया में आयोजित साइकिल यात्रा का शुभारंभ करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और इसे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि भीमताल क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध है, तथा ऐसे आयोजनों से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र की पहचान मजबूत होने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मंत्री श्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने और प्रत्येक पर्यटन स्थल को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि पर्यटन गतिविधियों का सीधा लाभ स्थानीय नागरिकों तक पहुंच सके। उन्होंने साइकिल यात्रा को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश देने वाला बताते हुए सभी आयोजकों व प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं; इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र और नितिन राणा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।




