लोन माफ न होने पर बैंकों में आग लगाने और लूटपाट की धमकी, मेल वायरल

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। कुछ अज्ञात बदमाशों ने मसूरी के भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल की फर्जी मेल आईडी बनाकर स्थानीय बैंकों को धमकी भरे ईमेल भेजे हैं। इन मेलों में मसूरी के सभी लोगों के लोन माफ करने की मांग की गई है। साथ ही, मांग पूरी न होने पर बैंकों में आग लगाने, लूटपाट करने और बैंक कर्मचारियों की जान लेने की धमकी भी दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  रामगढ़ में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनीं जनसमस्याएं, 358 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

धमकी भरे मेल में केवल रजत अग्रवाल का ही नाम नहीं था, बल्कि पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल और मीडिया प्रभारी जगजीत कुकरेजा के नाम भी शामिल थे। मेल में दावा किया गया है कि ये तीनों शहर के दबंग नेता हैं और उनकी मांगें पूरी न होने पर बैंकों पर हमला किया जाएगा।

मसूरी के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बडौदा को भेजी गई इन धमकियों के बाद एसबीआई के मैनेजर सचिन शाह ने मसूरी पुलिस को शिकायत दर्ज कराई और बैंक व कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून साइंस सिटी बनेगी देश में विज्ञान व नवाचार का बड़ा केंद्र: 'यूकॉस्ट' में स्टार्टअप सेंटर के लिए जमीन की घोषणा; सीएम धामी ने जारी की 'विज्ञान वाणी'

भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी जगजीत कुकरेजा ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रजत अग्रवाल की यह मेल आईडी पूरी तरह फर्जी है। कुकरेजा ने पुलिस से अपील की है कि ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, क्योंकि कुछ लोग मसूरी के शांति और सौहार्द को खराब करने की साजिश रच रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड पर्यटन के लिए बनेगा 5 वर्षीय मास्टर प्लान: प्राइवेट इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्लैंपिंग प्रोजेक्ट्स पर जोर; युवाओं को मिलेगा इंटरनेशनल गाइड बनने का मौका

मसूरी कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। साथ ही, आईटी सेल को भी सक्रिय किया गया है ताकि शीघ्र ही इस पूरे प्रकरण का पर्दाफाश हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के किसी भी असामाजिक तत्व को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी।

Ad_RCHMCT