राम गंगरकोट निवासी एक व्यक्ति द्वारा 28 नवंबर 2026 को डायल-112 पर सूचना दी गई कि उनका पुत्र और गांव का एक अन्य नाबालिग बालक स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वे स्कूल न जाकर गरमपानी की ओर जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल श्री अर्पण यदुवंशी के तत्काल निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी श्री विनय सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भवाली श्री विजय कुमार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी खैरना श्री सतीश उपाध्याय की पुलिस टीम ने वाहनों की सघन चेकिंग व तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके परिणामस्वरूप दोनों नाबालिग बच्चों को खैरना-गरमपानी बाजार क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
बच्चों की बरामदगी के पश्चात उनके परिजनों को चौकी खैरना बुलाया गया, जहां पुलिस टीम द्वारा बच्चों और अभिभावकों की काउंसलिंग कर उन्हें आवश्यक समझाइश दी गई तथा दोनों बालकों को सुरक्षित उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। इस घटना के संदर्भ में नैनीताल पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की दैनिक गतिविधियों और स्कूल आने-जाने पर नियमित निगरानी रखें, उनकी सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें।




