हल्द्वानी, 25 नवम्बर 2026।
राष्ट्रीय सरस मेले के दूसरे दिन लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरस मेला महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की बिक्री, विपणन एवं ब्रांडिंग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने तथा आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में सरस मेले में पहुंचकर देश एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट एवं गुणवत्तायुक्त उत्पादों की खरीदारी करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर महिला उद्यमियों की आजीविका को मजबूत बनाने के साथ ही ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न स्टालों का निरीक्षण करते हुए सामान की खरीददारी भी की गई।
मुख्य अतिथि लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट द्वारा “उत्तराखंड मेरी मातृभूमि, मातृभूमि यो मेरी पितृभूमि, ओ भूमि तेरी जय-जयकारा… म्यर हिमाला” गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति ने सरस मेले में उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्तराखंड की देवभूमि, संस्कृति, परंपरा और हिमालय के प्रति प्रेम एवं गौरव से ओतप्रोत इस गीत ने पूरे वातावरण को झूमने पर मजबूर कर दिया। उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी प्रस्तुति का स्वागत किया।
सरस मेला स्टार नाइट में सारेगामापा फेम प्रसिद्ध लोक गायक नीरज उप्रेती ने अपनी शानदार गायकी से समां बांध दिया। उन्होंने चुरा लिया है तुमने जो दिल को- नजर नहीं चुराना सनम, बचना ऐ हसीनों-लो मैं आ गया तथा गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी सुरीली आवाज, दमदार अंदाज और शानदार मंचीय प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। स्टार नाइट में उनकी प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
प्रसिद्ध बांसुरी वादक मोहन जोशी ने अपनी मधुर बांसुरी की धुन पर लोकप्रिय गीत ‘कैले बाजे मुरली’ की मनमोहक प्रस्तुति देकर सरस मेले में उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बांसुरी के सुरीले स्वरों ने पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंदा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, योग एवं सांस्कृतिक परिषद अध्यक्ष उत्तराखण्ड योगाचार्य डॉ हेमंत जोशी आदि लोग मौजूद रहे।
26 नवम्बर को सरस मेले में स्टार नाइट के अंतर्गत लोकवानी एसोसिएट (माया उपाध्याय), कमल जीत बैंड तथा पंकज नेगी द्वारा प्रस्तुति दी जाएंगी




