कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों का भ्रमण कर क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं। इस जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी आवश्यकताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और धरातल पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
मंत्री श्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव का समग्र विकास करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सरकार का मुख्य उद्देश्य गांव के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।




