‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसओजी व काठगोदाम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: करीब 3 लाख रुपये की 10 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ‘मिशन ड्रग्स फ्री देवभूमि’ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशों पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलवार को काठगोदाम पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने लगभग 3 लाख रुपये कीमत की 10 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी नगर हल्द्वानी हरबंस सिंह, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान व एसओजी प्रभारी मोहन सौन के नेतृत्व में कैनाल रोड काठगोदाम के पास चेकिंग के दौरान टीम ने सेंट पॉल स्कूल के पीछे, काठगोदाम निवासी 32 वर्षीय भास्कर तिवारी उर्फ भानु पुत्र कैलाश चंद्र तिवारी को संदिग्ध अवस्था में पकड़कर उसके कब्जे से यह स्मैक बरामद की।

यह भी पढ़ें 👉  रामायण काल की विरासत संजोएगी सरकार: थलीसैण के श्रृंग ऋषि आश्रम का होगा जीर्णोद्धार, पैठाणी स्थित ताराकुंड का भी होगा सौंदर्यीकरण

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ब्लिंकिट में डिलीवरी का कार्य करता था, लेकिन वर्तमान में नौकरी न होने के कारण जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह बनभूलपुरा के किसी रेलवे फाटक के पास से स्मैक खरीदकर लाया था। क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, एसओजी कांस्टेबल भानू ओली तथा काठगोदाम के पुलिसकर्मियों की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली काठगोदाम में एफआईआर संख्या 144/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

Ad_RCHMCT