हल्द्वानी के एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सरस मेले 2026-27 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद कुमार पांडे ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस वर्ष मेले में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले उत्पादकों के 250 स्टालों का समागम होगा, जिसके मद्देनजर सीडीओ ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने हेतु जिला कमांडेंट होमगार्ड को 20 होमगार्ड जवानों की तैनाती के आदेश दिए, साथ ही स्टॉल व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, साफ-सफाई और आगंतुकों के बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण कर सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि राष्ट्रीय सरस मेला ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर का मंच और बाजार प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसे अत्यंत आकर्षक, सुव्यवस्थित और भव्य स्वरूप दिया जाए ताकि देशभर से आने वाले कारीगरों, उद्यमियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, जिला कृषि अधिकारी संतोषी तथा जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




