वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के दिशा-निर्देशन में अवैध कच्ची शराब के कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चोरगलिया थाना पुलिस ने रविवार को एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी श्री तारा सिंह राणा के नेतृत्व में क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ढौराडाम नजीमाबाद, थाना किच्छा (जिला ऊधम सिंह नगर) निवासी 43 वर्षीय रेशम सिंह पुत्र दलीप सिंह को संदिग्ध अवस्था में रोककर उसके कब्जे से 70 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद की।
हेड कांस्टेबल मलखान सिंह, हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर बिष्ट और कांस्टेबल मुस्तफा अंसारी की पुलिस टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। अभियुक्त रेशम सिंह के विरुद्ध थाना चोरगलिया में एफआईआर संख्या 53/2026 के अंतर्गत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।




