पुलिस का बड़ा खुलासा: घरेलू डिलीवरी में छिपा था नशा तस्करी का खेल

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में नशे पर एक बार फिर बड़ा प्रहार हुआ है। घरेलू सामान की डिलीवरी की आड़ में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में देहरादून जिले के रायवाला थाना क्षेत्र में उत्तराखंड पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।  इससे पहले ऋषिकेश में आबकारी विभाग ने इसी तरह के तस्करों को पकड़ा था, जो नामी डिलीवरी सर्विस के माध्यम से अवैध शराब बेच रहे थे।

जानकारी के अनुसार, रायवाला पुलिस टीम रात में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अलग-अलग जगहों से तीन आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं – फुजैल पुत्र जिशान, वसीम आदिल और अजय उर्फ मोनू पुत्र शमशेर।

यह भी पढ़ें 👉  हैली सेवा की घोषणा और चारधाम तैयारी—सीएम धामी ने गिनाईं बड़ी उपलब्धियां

पुलिस ने बताया कि फुजैल के कब्जे से 13.30 ग्राम स्मैक, वसीम के पास 18.64 ग्राम स्मैक और अजय उर्फ मोनू से 158 ग्राम चरस बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार फुजैल और वसीम नामी डिलीवरी सर्विस कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे। आरोप है कि घरेलू सामान की डिलीवरी की आड़ में ये लोग स्मैक की तस्करी कर रहे थे। जांच में सामने आया कि दोनों ने सुल्तानपुर चिलकाना के रहने वाले इलियास से सस्ते दामों पर स्मैक खरीदी और कॉलेज छात्रों व स्थानीय लोगों को महंगे दामों पर बेचने की योजना बनाई थी।

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी में गोलीकांड का पर्दाफाश, तीन आरोपी हथियारों समेत गिरफ्तार

रात में दोनों रायवाला से हरिद्वार की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरा आरोपी अजय उर्फ मोनू हरिद्वार में वेटर के रूप में काम करता है। अजय ने कुरुक्षेत्र से चरस लाकर स्थानीय लोगों को महंगे दामों में बेचने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। अजय पहले हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र से चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  औचक निरीक्षण में मिली खामियांः दो प्रधानाध्यापक और एक शिक्षिका पर गिरी गाज

तीनों आरोपियों के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और मामले की जांच को गहराई से आगे बढ़ाया जाएगा।

Ad_RCHMCT