सीमा पर तनाव : धारचूला में नेपाल की ओर से पथराव में एक घायल, अंतरराष्ट्रीय पुल बंद कराया

ख़बर शेयर करें -

दोनों देशाें के अधिकारियों की बीच वार्ता, नेपाली पुलिस ने पुल बंद कराने पर लाठीचार्ज किया

धारचूला/पिथौरागढ़। कॉर्बेट हलचल

धारचूला के घटखोला में काली नदी किनारे रविवार दोपहर दीवार (तटबंध) निर्माण के दौरान नेपाल की ओर से की गई पत्थरबाजी के कारण निर्माण कार्य में लगा नेपाली मूल का एक मजदूर घायल हो गया। मिनी स्टेडियम के पास भी मजदूरों पर पथराव किया गया। इस घटना से दोनों देशों की सीमा पर तनाव व्याप्त हो गया। दोनों देशों के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया।

बाद में नेपाली नागरिकों ने भारत-नेपाल को जोड़ने वाले अंतरराष्ट्रीय झूलापुल भी बंद कर दिया। इससे दोनों तरफ चार बारातें फंस गईं। नेपाल की तरफ झूलापुल पर एकत्र भीड़ को खदेड़ने के लिए नेपाल पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें एक भारतीय नागरिक रमेश कुटियाल को भी चोटें आईं। पुलिस-प्रशासन ने छह बजे पुल खुलवा दिया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। 

पिथौरागढ़ के धारचूला में नेपाल की ओर से रविवार दोपहर भारतीय क्षेत्र में पत्थर फेंकते नेपाली नागरिक।

घटनाक्रम
बाढ़ से धारचूला कस्बे की सुरक्षा के लिए इन दिनों सिंचाई विभाग काली नदी किनारे तटबंध बना रहा है। कंस्ट्रक्शन कंपनी के मजदूर रविवार को घटखोला में रविवार दोपहर तटबंध निर्माण कार्य में लगे थे, तभी नेपाल की ओर से कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। निर्माण स्थल पर पथराव करने से वहां अफरातफरी मच गई। निर्माण में लगे मजदूर पत्थरों से बचने के लिए इधर-उधर भागे। कुछ देर बाद ही मिनी स्टेडियम के पास भी मजदूरों की ओर पत्थर फेंके गए। इस पथराव में निर्माण कार्य में लगे डडेलधूरा नेपाल निवासी जय सिंह सिर पर पत्थर लगने से घायल हो गया। उसे धारचूला के संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नेपाल की ओर से पत्थर फेंके जाने से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ।  

यह भी पढ़ें 👉  विंडफॉल टैक्स हुआ समाप्त-पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट के संकेत
नेपाली क्षेत्र से रविवार को पत्थरबाजी के बाद भारतीय क्षेत्र में तटबंध निर्माण का कार्य राेक दिया गया।

प्रशासन और एसएसबी अधिकारी पहुंचे
पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही धारचूला के एसडीएम दिवेश शाशनी, एसएसबी के निरीक्षक कश्मीर सिंह समेत नेपाल प्रहरी के भी कई जवान मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने कहा कि इस मामले में नेपाल के अधिकारियों से बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  विंडफॉल टैक्स हुआ समाप्त-पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट के संकेत
नेपाल की ओर से रविवार को पत्थरबाजी की घटना के बाद मौके पर पहुंचे दोनों देशों के सुरक्षा बल और प्रशासनिक अधिकारी।

नेपालियों ने भारत को जोड़ने वाला पुल बंद किया

नेपाल क्षेत्र से पत्थरबाजी करने वाले लोगों ने बाद में नेपाल की तरफ से पुल को बंद करा दिया। चार बजे बंद पुल बंद कर दिए जाने के कारण दोनों तरफ भारत और नेपाल के लोग फंसे रहे। चार बारातें भी दोनों ओर फंसी रहीं। नेपाल क्षेत्र में लोगों की भीड़ को हटाने के लिए नेपाल पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसमें भारतीय क्षेत्र के रमेश कुटियाल को भी चोटें आईं। छह बजे पुल खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

धारचूला से सटी नेपाल सीमा पर रविवार शाम नेपाली नागरिकों ने अंतरराष्ट्रीय पुल बंद कर दिया, इससे दोनों ओर बारातें फंस गई।


नेपाल पुलिस ने पत्थरबाजों को नहीं रोका

बताया गया है कि नेपाल की ओर से जब रविवार को लोगों ने भारत की ओर पथराव किया तो नेपाल पुलिस भी वहां पर मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नेपाल पुलिस ने पथराव कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास नहीं किया और मूकदर्शक बनी रही।

यह भी पढ़ें 👉  विंडफॉल टैक्स हुआ समाप्त-पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट के संकेत

नेपाल के सीडीओ बोले- समाधान निकालेंगे

धारचूला में नेपाल की तरफ से पत्थरबाजी के बाद दोनों देशों के स्थानीय प्रशासन के अधिकारी पूरी तरह सतर्क नजर आए। पत्थरबाजी की घटना के बाद नेपाल के सीडीओ दिर्घराज उपाध्याय ने भारत के धारचूला पहुंचकर एसडीएम दिवेश शाशनी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय से मामले को सुलझाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मिलकर सीमा क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संबंधों को मधुर रखने के प्रयास किए जाएंगे। 


बातचीत जारी

नेपाल की ओर से चार-पांच लोगों ने धारचूला में तटबंध निर्माण कर रहे मजदूरों पर पथराव किया। एक मजदूर के सिर में चोट लगी है। उसका उपचार धारचूला के संयुक्त अस्पताल में किया गया। इस मामले में स्थानीय प्रशासन की ओर से दार्चुला नेपाल के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। 

लोकेश्वर सिंह, एसपी, पिथौरागढ़