मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नैनीताल जनपद के हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर देश की रक्षा में अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने वीर बलिदानियों के अदम्य साहस और शौर्य को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए उनका दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणा का शाश्वत स्रोत है।


मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि शहीद स्मारक केवल एक स्थल नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और निस्वार्थ देश सेवा की भावना जागृत करने का केंद्र है। उन्होंने वीर शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों के कल्याण, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के प्रति राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा सांसद अजय भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




