हरिद्वार कुंभ मेला 2027: केंद्र सरकार ने स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन के लिए ₹115.61 करोड़ किए मंजूर; लगेंगे 13 हजार से अधिक हाईटेक शौचालय

ख़बर शेयर करें -

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) की ७०वीं कार्यकारी समिति की बैठक में हरिद्वार कुंभ मेला-२०२७ के लिए ‘एकीकृत स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट तथा जनस्वास्थ्य प्रबंधन योजना’ के तहत ११५.६१ करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि स्वीकृत की गई है। शत-प्रतिशत केंद्र पोषित इस मेगा प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य कुंभ मेले में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और संतों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है। इस वित्तीय पैकेज के माध्यम से गंगा जी की निर्मलता को अक्षुण्ण बनाए रखने और मेला क्षेत्र में उच्चस्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने संभाली कुमायूँ परिक्षेत्र की कमान

इस स्वीकृत बजट के माध्यम से मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए १३,९१५ आधुनिक शौचालय, ८,०६५ यूरिनल (मूत्रालय) तथा २,००० स्नानगृहों की स्थापना की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को प्रभावी बनाने के लिए ४,८४० कूड़ेदान और ३१.३८ लाख लाइनर बैग खरीदे जाएंगे। कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को गति देने के लिए मेला क्षेत्र में ४९१ अपशिष्ट संग्रहण वाहन, नदियों व घाटों की सफाई के लिए २ ट्रैश बूम व १५ घाट सफाई मशीनें, १९० स्प्रेइंग मशीन व ट्रैक्टर तथा ५५ फॉगिंग मशीनें तैनात की जाएंगी। साथ ही, सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पीपीई किट, कीटनाशक और प्राथमिक उपचार किट भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  सांसद अजय भट्ट ने किया सैनिटोरियम-रातिघाट (कैंची) बायपास मार्ग का शुभारंभ; कैंचीधाम में जाम से मिलेगी निजात

पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक को आपस में जोड़ते हुए इस योजना में कई नए प्लांट लगाने का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन, गैस आधारित पर्यावरण-अनुकूल शवदाह गृह और एक फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना की जाएगी। पूरे कुंभ मेला क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था की रियल-टाइम निगरानी (लाइव ट्रैकिंग) के लिए एक अत्याधुनिक क्लाउड-आधारित डिजिटल डैशबोर्ड भी विकसित किया जाएगा, जिसके जरिए अधिकारी एक ही स्थान से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण वित्तीय मंजूरी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुंभ मेले में जन स्वास्थ्य और स्वच्छता प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया है।

Ad_RCHMCT