मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 138वां संस्करण सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों के नवाचारों, सकारात्मक प्रयासों और प्रेरक कार्यों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के साथ ही हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड के सीमांत क्षेत्रों का विशेष रूप से उल्लेख किए जाने को पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि देश में जनगणना के प्रथम चरण के तहत उत्तराखण्ड के अत्यंत दुर्गम और हिमाच्छादित क्षेत्रों में भी तत्परता से कार्य चल रहा है। इस दौरान उन्होंने चमोली जनपद स्थित देश के प्रथम गांव माणा में 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत से जनगणना कार्य के शुभारंभ और उत्तरकाशी के बगोरी गांव में होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा द्वारा डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना करने का प्रेरक उदाहरण देश के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने इसे सीमांत क्षेत्रों में मजबूत होती डिजिटल साक्षरता का प्रतीक बताते हुए प्रदेशवासियों से इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग की अपील की।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री ने 2016 की ऐतिहासिक सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने पर सेना के पराक्रम व शौर्य का स्मरण किया और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त युवा अभियान, खेल प्रतिभाओं के संवर्धन तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर जनभागीदारी का आह्वान किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये सभी विषय राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में भी शामिल हैं, और उन्होंने जनता से प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात कर ‘विकसित भारत’ व ‘सशक्त उत्तराखण्ड’ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।




