मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद उत्तरकाशी दौरे के दूसरे दिन विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा के दर्शन किए। इसके साथ ही उन्होंने पौराणिक काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर धाम में संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने की हिदायत देते हुए चारधाम यात्रा मार्ग पर सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखने को कहा। इसके साथ ही, उन्होंने गंगा घाटों तथा मंदिर परिसर के आसपास नियमित साफ-सफाई और ठोस स्वच्छता प्रबंधन बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।




