मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह में शिरकत की। समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने सतपाल महाराज को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर सक्रिय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि महाराज जी का जीवन आध्यात्मिक चेतना, समाजसेवा और लोककल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है और उनके प्रशासनिक अनुभव तथा दूरदर्शिता से मंत्रिमंडल को निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में सांस्कृतिक धरोहरों के पुनरुद्धार और पर्यटन विकास को नई गति मिली है। उन्होंने आगामी हरिद्वार कुंभ को केवल एक धार्मिक समागम न मानकर सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता का विराट उत्सव बताया और कहा कि राज्य सरकार इसे ऐतिहासिक, दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से जुटी है। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और गौरव की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू किए गए हैं तथा राज्य में कानून-व्यवस्था और सनातन परंपराओं की मर्यादा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।




