मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सीमांत उत्तरकाशी का किया सघन दौरा: चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी की सामरिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा; महिला स्वयं सहायता समूहों और मेधावी छात्रों को किया प्रोत्साहित

ख़बर शेयर करें -

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद उत्तरकाशी दौरे के पहले दिन सामरिक बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तीकरण और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने चीन सीमा से निकटता के कारण सामरिक, आपातकालीन रेस्क्यू और आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं, रनवे, एप्रन और टर्मिनल भवन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हवाई पट्टी के विस्तार और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  ज्योलीकोट दूषित पेयजल प्रकरण: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों की लापरवाही पर जताई कड़ी नाराजगी, 15 दिनों में प्रदेशभर की जलापूर्ति योजनाओं के भौतिक सत्यापन के निर्देश

इसके उपरांत मुख्य सचिव ने चिन्यालीसौड़ विकासखंड के ग्राम मल्ली में ‘सर्वशक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) तुल्याड़ा’ के नए कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और लखपति दीदियों से सीधा संवाद कर उनके द्वारा संचालित बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, डेयरी और स्थानीय उत्पाद निर्माण जैसी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली तथा उनके आर्थिक स्वावलंबन के प्रयासों की सराहना की।

यह भी पढ़ें 👉  आईआईएम काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन संपन्न: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रखी आधारशिला

दौरे के अंतिम चरण में मुख्य सचिव ने विकासखंड डुंडा स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण कर कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशालाओं और कंप्यूटर कक्ष की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवनशैली अपनाने और उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में पौधरोपण किया और राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर चयनित खेल प्रतिभाओं तथा बोर्ड व गृह परीक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Ad_RCHMCT