मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया ‘वन्यजीव सप्ताह-2026’ का शुभारंभ: वन्यजीव संघर्ष में साहस दिखाने वाले 18 लोगों को ₹51-51 हजार देने की घोषणा

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को एफ.आर.आई. (FRI) कैंपस, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ‘वन्यजीव सप्ताह-2026’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के दौरान असाधारण साहस का परिचय देकर दूसरों का जीवन बचाने वाले 18 नागरिकों को सम्मानित करते हुए प्रत्येक को ₹51,000 की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया और वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने हर जिले में कम से कम एक नए पर्यटन स्थल को चिन्हित कर संवारने और हल्द्वानी में प्रस्तावित चिड़ियाघर के निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  विभिन्न राज्यों की संस्कृति, नवाचार और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को जानें युवा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

पारिस्थितिकी और आर्थिकी (इकोलॉजी और इकॉनमी) के बीच संतुलन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों के पुनर्स्थापन का दूसरा चरण जल्द शुरू किया जाएगा तथा दोनों पार्कों की सुरक्षा हेतु ‘स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स’ का गठन किया जा रहा है। इसके साथ ही, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्नो लेपर्ड (हिम तेंदुआ) पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं को गाइड, ड्रोन पायलट व वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर के रूप में दक्ष कर 1 लाख युवाओं को “सीएम यंग ईको-प्रिन्योर” बनाने की दिशा में काम चल रहा है। राज्य में जल, जंगल और जमीन के वैज्ञानिक मूल्यांकन हेतु ‘ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट’ (GEP) व्यवस्था भी लागू की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  यूआईआईडीबी के प्रोजेक्ट्स की समीक्षा: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर में धीमी प्रगति पर जताई कड़ी नाराजगी

मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रति संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वन्यजीव हमले में जनहानि होने पर मिलने वाली अनुग्रह राशि को ₹6 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख कर दिया गया है तथा घायलों के संपूर्ण उपचार का खर्च भी राज्य सरकार वहन कर रही है। कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह की थीम “जुड़े आवास – वन्य जीवन का विकास” है और जानवरों की सुगम आवाजाही के लिए राज्य में एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर जैसे अहम निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से भी वनों में कचरा व प्लास्टिक न फैलाने और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

Ad_RCHMCT