मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में हरियाणा भ्रमण पर जा रहे उत्तराखण्ड के युवा दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण युवाओं को विभिन्न राज्यों की समृद्ध संस्कृति, जीवनशैली, नवाचारों और विकासात्मक पहलों को करीब से समझने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अन्य राज्यों में जाकर वहां की सरकारों द्वारा लागू की जा रही श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का अध्ययन करें और उन उपयोगी अनुभवों को उत्तराखण्ड के परिप्रेक्ष्य में साझा करें। इसके साथ ही उन्होंने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य भी समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं को सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा जाने वाले युवाओं को वहां के समृद्ध इतिहास, खान-पान, कृषि तकनीकों और खेल संस्कृति को गहराई से जानने तथा स्थानीय किसानों, खिलाड़ियों और नवाचारियों से संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा, उन्होंने युवाओं को देवभूमि के सांस्कृतिक दूत के रूप में कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा देशवासियों के बीच उत्तराखण्ड के चारधाम, आदि कैलाश, जागेश्वर, कैंची धाम, शीतकालीन व साहसिक पर्यटन, होम-स्टे मॉडल तथा स्थानीय मिलेट्स व हस्तशिल्प का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ऐसे कार्यक्रम केवल सामान्य भ्रमण तक सीमित न रहकर दो राज्यों के युवाओं के बीच विचारों, संस्कृति और नवाचारों के आदान-प्रदान का प्रभावी माध्यम बनने चाहिए।






