उपजिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान ने अवगत कराया कि
जनपद नैनीताल में दिनांक 14 जून, 2026 को उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विभिन्न विभागों की स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा के सम्बन्ध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार हल्द्वानी में एक बैठक शुक्रवार को सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा बताया कि जनपद में 14 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से 1 बजे तक होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की लिखित परीक्षा हेतु हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल एवं कालाढूगी में कुल 57 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं।
इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा सम्बंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारियों आदि को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व में स्थलीय निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की सूक्ष्मता से जांच भी सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा व्यवस्था एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, गोपनीयता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा के सफल एवं शान्तिपूर्ण, पारदर्शी संचालन हेतु परिवेक्षक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई।
जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में उपजिलाधिकारी रामनगर ने अवगत कराया कि रामनगर क्षेत्रान्तर्गत कुल 08 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। जिसमें कुल 2784 परिक्षार्थीयों द्वारा उक्त परीक्षा में प्रतिभाग किया जाना है।
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वर्तमान में पर्यटन सीजन के दृष्टिगत पर्यटकों का अत्यधिक अवागमन रहता है एवं दिनांक 13 जून, 2026 से 16 जून, 2026 तक प्रसिद्ध कैंची धाम मेले का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसके दृष्टिगत जनपद में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु रूट डायवर्जन लागू किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न मार्गों पर यातायात दबाव एवं जाम की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। कैंची धाम (भवाली) में आयोजित होने वाले (स्थापना दिवस) को ध्यान में रखते हुए एवं पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी अभ्यर्थी किसी भी तरह के विलम्ब से बचने के लिए अपने परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुँचें।




