‘ज्ञान गंगा सम्मान समारोह’: सीएम धामी ने शिक्षकों को किया सम्मानित, मेधावी छात्रों को बांटी छात्रवृत्ति; बोले—’शिक्षक केवल छात्र का नहीं, पूरे राष्ट्र का भविष्य गढ़ता है’

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में कुसुम कांता फाउंडेशन और मंथन वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘ज्ञान गंगा सम्मान समारोह एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम’ में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया तथा प्रतिभावान मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्तियां वितरित कीं। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी विद्यार्थी की शिक्षा में सहयोग करना केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उसके भविष्य के सपनों को पंख लगाने का पुनीत प्रयास है।

यह भी पढ़ें 👉  शिक्षक दिवस पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि: बोले—'राष्ट्र व समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि'

मुख्यमंत्री ने स्व. श्रीमती कुसुम कांता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा के प्रति उनके आजीवन समर्पण को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों पर चलते हुए फाउंडेशन बालिका सशक्तीकरण, कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि भारतीय संस्कृति में शिक्षक का स्थान सर्वोच्च है, क्योंकि वह केवल ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि जीवन-मूल्य और दृष्टिकोण देकर पूरे राष्ट्र के भविष्य की नींव तैयार करता है। उन्होंने राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शी शिक्षक भर्तियों की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

यह भी पढ़ें 👉  वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम की SLSC बैठक: मुख्य सचिव ने दिए निर्देश—प्राथमिकता तय कर ही केंद्र को भेजे जाएं परियोजना प्रस्ताव

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने स्व. कुसुम कांता के सेवा भाव का स्मरण करते हुए कहा कि संस्कारों से युक्त शिक्षा ही व्यक्ति और राष्ट्र के निर्माण का आधार है। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, चुनौतियों से न घबराएं और निरंतर मेहनत व अनुशासन से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे जीवन में जिस भी पेशे को चुनें, सर्वप्रथम एक अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनें।

Ad_RCHMCT