मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने विशेष रूप से अभियोजन विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की और जनपदों में अदालती मामलों के त्वरित निस्तारण तथा अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टैंडिंग कमेटी की बैठकें समय पर न होने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें नियमित आयोजित करने का आदेश दिया। साथ ही, जघन्य अपराधों के मामलों में पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने पर बल दिया।
बैठक के दौरान महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने आगामी 15 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक राज्यभर में आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अभियान के तहत 17 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक विद्यार्थियों के लिए ‘विकसित भारत’ और ‘भारत 2047’ विषय पर निबंध, चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और श्रेष्ठ प्रविष्टियों को एनिमेटेड लघु फिल्मों में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालयों में ‘सेवा और सपना’ प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।
अभियान के तहत 01 से 07 अक्टूबर तक युवाओं, शोधकर्ताओं और स्टार्टअप्स के लिए टेक्नोलॉजी व सोशल इनोवेशन पर आधारित ‘हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिकों को जोड़ने के लिए ‘जन कल्याण संवाद’ आयोजित होगा, तथा 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ पर रिले मैराथन, साइकिलिंग व बाइक रैलियों का आयोजन कर जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।




