पीएनजी महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित
रामनगर। पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ/अभिविन्यास/प्रेरणात्मक कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को महाविद्यालय के मयूर सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रोफ़े एम सी पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं संगीत विभाग के छात्र छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना के साथ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रमों, विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम में डॉ. नरेश कुमार ने प्रवेश संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ विद्यार्थियों को प्रदान कीं। प्रो.जानकी सु़याल ने कला संकाय एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) से संबंधित जानकारी दी। प्रो. नूतन श्रीवास्तव ने विज्ञान संकाय तथा प्रो. सी.एस. जोशी ने वाणिज्य संकाय से संबंधित शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।वहीं प्रो. महिपाल सिंह ने वोकेशनल एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के साथ-साथ एनसीसी, एनएसएस तथा रोवर-रेंजर से संबंधित गतिविधियों एवं उनके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. अलका ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन भी डॉ. अलका द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रो. सी एस नेगी, डॉ. लवकुश,डॉ. शलभ गुप्ता, डॉ. अभिषेक गोयल, डॉ. सिराज अहमद, डॉ. इंदु आर्या, डॉ. अंजली यादव,डॉ. प्रभाकर त्यागी, डॉ. रीमा प्रियदर्शी, डॉ प्रकाश बिष्ट सहित अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. एम.सी. पांडे के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक संरचना एवं विभिन्न गतिविधियों की समग्र जानकारी प्राप्त हुई।




