भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जनपद नैनीताल में 7 सितंबर 2026 (सोमवार) को सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी-नालों में तेज जल प्रवाह और संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश की मुख्य बातें:
अवकाश की तिथि: 7 सितंबर 2026, सोमवार।
किन पर लागू: कक्षा 1 से 12 तक के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र।
स्टाफ के लिए निर्देश: विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश मान्य रहेगा।
छूट: यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र के उन आवासीय विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्रों के लिए आवास और पढ़ाई की सुविधा एक ही परिसर में मौजूद है।
कार्रवाई की चेतावनी: आदेश का अनुपालन न करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




