उत्तराखंड में बड़ा हादसाः स्कूली बस और रोडवेज में भिड़ंत, मची अफरा-तफरी

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी जिले से सामने आया है, जहां यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुबाटा के पास एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई।

स्कूली बच्चों से भरी एक बस को पीछे से आ रही रोडवेज बस ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूली बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें 👉  ​"20 साल पीछे टेढ़ा गाँव: सड़कों की अनदेखी के खिलाफ एकजुट हुए ग्रामीण, राहुल सिंह दरम्वाल ने दिया संघर्ष में साथ"

घटना की सूचना मिलते ही 108 आपातकालीन सेवा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बड़कोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

होटल व्यवसायी गुरुदेव सिंह रावत, जो मौके पर मौजूद थे, ने बताया कि स्कूली बस दुबाटा के पास बच्चों को बैठा रही थी, तभी यमुनोत्री जानकीचट्टी से देहरादून होते हुए दिल्ली की ओर जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर स्कूली बस से टकरा गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में शोक की लहर: पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूड़ी और पद्मश्री जसपाल राणा के निधन पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

बस में कुल 30 बच्चे सवार थे, जिनमें से 14 को हल्की चोटें आईं हैं। 2 से 3 बच्चों को थोड़ी गंभीर चोटें लगी हैं, हालांकि सभी की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।

रोडवेज बस में सवार दो अन्य लोग भी इस हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें भी प्राथमिक उपचार के लिए बड़कोट अस्पताल में भर्ती किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  पहाड़ की बेटी ने पेश की आत्मनिर्भरता की मिसाल: 'देवभूमि उद्यमिता योजना' से पिथौरागढ़ की मानसी बनीं सफल बिजनेस वुमन; पारंपरिक 'ऐपन कला' को बनाया रोजगार

डॉ. अंगद सिंह राणा के अनुसार, सभी घायलों को प्राथमिक चिकित्सा दी जा रही है और किसी की हालत गंभीर नहीं है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और रोडवेज बस चालक की लापरवाही की भी समीक्षा की जा रही है।

Ad_RCHMCT