मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD) पहुंचकर दृष्टिबाधित बच्चों के साथ सादगी और आत्मीयता से अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे सीधा संवाद करते हुए उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और रुचियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और गहरी प्रेरणा का संचार करता है तथा इन मासूम बच्चों का निश्छल स्नेह और मुस्कान उनके लिए जन्म दिवस का सबसे अनमोल उपहार है।


मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और असीम संभावनाएं होती हैं, जिन्हें निखारने के लिए सही अवसर, विश्वास और निरंतर प्रोत्साहन की आवश्यकता है। उन्होंने दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और अनवरत परिश्रम से जीवन की हर चुनौती पर विजय पाने का संदेश दिया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण और कल्याण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित न रहकर पूरे समाज का सामूहिक और मानवीय दायित्व है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं संस्थान के शिक्षक उपस्थित रहे।




